[ad_1]

नई दिल्ली. चंद रोज पहले इतिहास रचने वाले अफगान बैटर्स को जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने गुरुवार को धूल चटा दी. जिस अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टेस्ट में 699 रन का स्कोर बनाया था, वह दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 200 रन के लिए भी तरस गई. जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान को दूसरे टेस्ट के पहले ही दिन 157 रन पर समेट दिया. अफगानिस्तान ने 699 का स्कोर 30 दिसंबर को बनाया था.
मेजबान जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मैच बुलावायो में खेला जा रहा है. मैच के पहले दिन गुरुवार का खेल काफी हद तक बारिश से प्रभावित रहा. मैच के पहले सेशन में एक भी ओवर का खेल नहीं हुआ और लंच ब्रेक लेना पड़ा. अगर पहले सेशन में इंद्र देव बरसे तो दूसरे और तीसरे सेशन में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने कहर बरपाया. मेजबान टीम ने अपनी शानदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान को 44.3 ओवर में 157 रन पर समेट दिया.
अफगानिस्तान के बैटर्स ने पहले टेस्ट मैच में दो दोहरे शतक और एक शतक लगाया था, लेकिन दूसरे टेस्ट में टॉप स्कोरर 25 रन बनाने वाले राशिद खान रहे. रहमत शाह ने 19, अफसर जजाई ने 16 और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 13 रन बनाए. बता दें कि पहले टेस्ट में हशमतुल्लाह शाहिदी ने 246, रहमत शाह ने 234 और अफसर जजाई ने 113 रन बनाए.
अफगानिस्तान ने एक समय 82 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे. इससे उस पर 100 रन के भीतर सिमटने का खतरा मंडराने लगा था. आठवें नंबर पर आए राशिद खान (25) और 11वें नंबर के फरीद अहमद (17) ने टीम को 150 रन के पार पहुंचाया. दूसरे टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को नाकों चने चबवाने वाले गेंदबाज सिकंदर रजा, न्यूमैन न्यामूरी और ब्लेसिंग मुजरबानी रहे. सिकंदर रजा और न्यूमैन न्यामूरी ने 3-3 विकेट झटके. मुजरबानी ने 2 विकेट अपने नाम किए.
Tags: Afghanistan Cricket, Rashid khan, Sikandar Raza
FIRST PUBLISHED : January 2, 2025, 23:57 IST
[ad_2]
Source link