[ad_1]
Last Updated:
6 फीट 5 इंच लंबी चार्ली मिल हर महीने 72 लाख रुपये से ज्यादा कमाती हैं, लेकिन उनकी लंबाई ही उनके लिए मुसीबत बन गई है. लोग उन्हें अक्सर मर्द समझकर महिला टॉयलेट से धक्के मारकर बाहर निकाल देते हैं, जिससे वे अपमानित महसूस करती हैं.

दुनियाभर में खूबसूरती और शारीरिक बनावट के पैमाने अलग-अलग होते हैं. लेकिन कुछ चीजों को हर जगह लोग बेहतर मानते हैं, जिसमें कद-काठी शामिल है. लेकिन क्या हो, जब आपकी लंबाई ही आपके लिए मुसीबत बन जाए? सुनने में थोड़ा अटपटा लग सकता है, लेकिन ब्रिटेन में लिंकन की रहने वाली 30 वर्षीय चार्ली मिल (Charlie Mill) के लिए उनकी असाधारण लंबाई एक साथ वरदान और अभिशाप दोनों बन गई है. चार्ली की लंबाई 6 फीट 5 इंच है, जिसकी वजह से वे जहां भी जाती हैं, सबकी नजरें उन्हीं पर टिक जाती हैं. लंबी होने की वजह से ही वो हर महीने लगभग 72 लाख रुपए से ज्यादा की कमाई करती हैं. लेकिन एक तरफ जहां इसी लंबाई ने उन्हें एक बेहद सफल और मोटी कमाई वाला करियर दिया है, तो दूसरी ओर सार्वजनिक स्थानों पर उन्हें अपमानित भी होना पड़ जाता है. हाल ही में उनके साथ एक ऐसी ही घटना हुई.
चार्ली मिल एक मशहूर कंटेंट क्रिएटर और मॉडल हैं, जो अपनी लंबी टांगों और विशाल कद काठी के लिए जानी जाती हैं. वे हर महीने लगभग 72 लाख रुपये से अधिक कमाती हैं. लोग उन्हें ‘जायंटेस’ (Giantess) के रूप में देखते हैं और कई पुरुष उनके साथ समय बिताने या उन्हें उठाने के लिए 600 पाउंड (72 हजार रुपए से ज्यादा) प्रति घंटा तक खर्च करते हैं. लेकिन इस चमक-धमक वाली जिंदगी के पीछे एक कड़वी सच्चाई यह है कि चार्ली को अक्सर सार्वजनिक शौचालयों से धक्के मारकर बाहर निकाल दिया जाता है, क्योंकि लोग उन्हें गलती से मर्द समझ लेते हैं. चार्ली ने एक इंटरव्यू में अपना दर्द शेयर करते हुए बताया कि उनके साथ ऐसी घटनाएं एक से अधिक बार हो चुकी हैं. उन्होंने कहा, “हर बार जब ऐसा होता है, तो यह मेरे लिए गहरा सदमा और अपमान लेकर आता है. जब आप एक निजी स्थान (टॉयलेट) में हों और आपकी पहचान पर सवाल उठाया जाए, तो वह पल आपके साथ हमेशा के लिए जुड़ जाता है. सिर्फ मेरी लंबाई के आधार पर लोग यह मान लेते हैं कि मैं एक पुरुष हूं.”
चार्ली के अनुसार, जब उन्हें सही शौचालय से बाहर जाने के लिए कहा जाता है, तो वे खुद असहज महसूस करती हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर लगने लगता है. बता दें कि चार्ली की लंबाई का सफर काफी चुनौतीपूर्ण रहा है. वे महज 14 साल की उम्र में ही 6 फीट 5 इंच लंबी हो चुकी थीं. इस वजह से स्कूल के दिनों में उन्हें काफी बुली किया जाता था, जिससे तंग आकर उन्होंने स्कूल छोड़ दिया और सीधे काम करना शुरू कर दिया. साल 2020 तक वे डेब्ट कलेक्शन (कर्ज वसूली) का काम करती थीं, लेकिन फिर उन्होंने अपनी लंबाई को ही अपनी ताकत बनाने का फैसला किया और फुल-टाइम मॉडल बन गईं. आज वे दुनिया की उन महिलाओं में शुमार हैं, जिनके हाथ सबसे बड़े हैं. वे तीसरे स्थान पर आती हैं. अपनी सफलता के बावजूद चार्ली कहती हैं कि समाज में अपनी जगह बनाना आसान नहीं है. वे जहां भी जाती हैं, लोग उन्हें घूरते हैं जो काफी दखलंदाजी जैसा महसूस होता है.
डेटिंग के मामले में भी उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि कई पुरुष उनकी लंबाई देखकर डर जाते थे. उन्होंने बताया, “मुझ पर हमेशा एक सामाजिक दबाव रहता है कि मैं खुद को ‘छोटा’ दिखाऊं, ताकि दूसरे असहज न हों. लेकिन अब मैंने अपनी इस कमजोरी को अपनी ताकत में बदल लिया है.” चार्ली मिल अब अन्य लंबी महिलाओं और युवा लड़कियों को प्रेरित करना चाहती हैं कि वे अपनी कद-काठी पर गर्व करें. उनका मानना है कि लोगों को यह समझने की जरूरत है कि अगर कोई अन्य लोगों की तुलना में थोड़ी अलग दिखता है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है. हालांकि, कुछ लोग अपनी गलती का एहसास होने पर माफी मांग लेते हैं, लेकिन चार्ली का कहना है कि एक माफी उस अपमान के असर को खत्म नहीं कर सकती जो उन्होंने झेला होता है. अपनी सुरक्षा के लिए चार्ली अब एक पर्सनल बॉडीगार्ड भी साथ रखती हैं.
About the Author
न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर के तौर कार्यरत. इंटरनेशनल, वेब स्टोरी, ऑफबीट, रिजनल सिनेमा के इंचार्ज. डेढ़ दशक से ज्यादा समय से मीडिया में सक्रिय. नेटवर्क 18 के अलावा टाइम्स ग्रुप, …और पढ़ें
[ad_2]
Source link