[ad_1]

नई दिल्ली. सुनील गावस्कर ने मोहम्मद सिराज की आलोचना करने वाले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट पंडितों को आड़े हाथों लिया है. गावस्कर का कहना है कि सिराज को कुछ भी कहने से पहले वे खुद अपने गिरेबां में झांक लें कि क्या वो सही कर रहे हैं. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान गावस्कर ने कहा कि यह वही लोग हैं जो एशेज सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ अपने तेज गेंदबाजों को इस तरह की हरकत की प्रशंसा करते हैं और वहीं किसी अन्य गेंदबाज ने इनके बल्लेबाजों के खिलाफ कर दिया तो वह इनके लिए बुरा हो गया. गावस्कर ने एडिलेड में डे नाइट टेस्ट में ट्रेविस हेड के साथ विवाद में मोहम्मद सिराज पर निशाना साधने को लेकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ‘पंडितों’ के दोहरे मापदंड की आलोचना की.
पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट में बाएं हाथ के बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने शतक पूरा करने के बाद डीप स्क्वायर लेग पर छक्का लगाया जिसके बाद मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने उन्हें बोल्ड कर दिया और ड्रेसिंग रूम की ओर जाने का इशारा किया था. हेड ने दावा किया कि उन्होंने आउट होने के बाद सिराज से कहा था कि ‘अच्छी गेंदबाजी की’ लेकिन भारतीय गेंदबाज ने इस दावे से इनकार किया. सिराज पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और हेड को फटकार लगाई गई जबकि दोनों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक-एक डिमेरिट अंक भी दिया.
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज कर रहे सिराज की आलोचना
गावस्कर ने ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’में कटाक्ष करते हुए लिखा, ‘सिराज के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के ‘पंडितों’ से कड़ी प्रतिक्रिया मिल रही है. ऐसी प्रतिक्रिया वहीं दे रहे जिन्हें मैदान पर इस तरह के व्यवहार के लिए जाना जाता है.इससे ऑस्ट्रेलियाई प्रशंसक नाराज हो सकते हैं कि सिराज ने शानदार शतक बनाने वाले स्थानीय खिलाड़ी को आक्रामक इशारा किया.’
गावस्कर ने दोहरे मापदंड का अरोप लगाया
गावस्कर ने दोहरे चरित्र पर कटाक्ष किया कि कैसे यही लोग अपने खिलाड़ियों के असभ्य व्यवहार का समर्थन करते हैं. उन्होंने लिखा, ‘यह लोग हालांकि अगले सत्र में की एशेज के दौरान ऑस्ट्रेलिया के किसी तेज गेंदबाज की इंग्लैंड के बल्लेबाज के खिलाफ इस तरह की हरकत का समर्थन करेंगे. मीडिया में कुछ सुझाव थे कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को को फिर से पहले की तरह बेहद आक्रामक रवैया अपनाना चाहिए.’ गावस्कर हालांकि सिराज के गुस्से से आश्चर्यचकित थे क्योंकि आईपीएल ने खिलाड़ियों के बीच कटुता को कम कर दिया था.
सिराज तीसरे टेस्ट में भी लाबुशेन को उकसाते दिखे
बकौल गावस्कर, ‘सिराज का गुस्सा आश्चर्यजनक था क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग ने ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटरों और कोचों को करोड़पति बनाने के अलावा एक काम किया है और वह काम है पहले से मौजूद कटुता को काफी हद तक कम करना.’ सिराज तीसरे टेस्ट में भी मार्नस लाबुशेन को उकसाते नजर आए. गेंदबाजी के समय उन्होंने लाबुशेन की ओर जाकर स्टंप के बेल्स बदल दिया.
Tags: IND vs AUS, Mohammed siraj, Sunil gavaskar
FIRST PUBLISHED : December 15, 2024, 14:43 IST
[ad_2]
Source link