Headlines

सीने के दर्द से परेशान था शख्स, मामूली बीमारी समझ डॉक्टर्स देते रह गए दवा, लेकिन हुआ खौफनाक अंजाम!

[ad_1]

हमारे शरीर में अगर कोई परेशानी होती है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं कर पाते. ऐसे में हम इलाज के लिए हॉस्पिटल जाते हैं. डॉक्टरों से मिलकर अपनी परेशानी बतलाते हैं. वे डॉक्टर हमारे शरीर की जांच करते हैं और उचित दवा देकर घर भेज देते हैं. आमतौर पर डॉक्टर बिल्कुल सही दवा देते हैं, जिससे बीमारी दूर भाग जाती है. लेकिन कई बार डॉक्टरों से भी चूक हो जाती है. वे असली बीमारी का पता ही नहीं लगा पाते. ऐसा ही कुछ हुआ इंग्लैंड के डर्बिशायर के ग्लोसोप के रहने वाले लियाम हैंडली के साथ. लियाम के सीने में अक्सर दर्द रहता था. वे जब इलाज कराने के लिए हॉस्पिटल गए, तो चिकित्सकों ने कहा कि चेस्ट पेन की असली वजह ‘चिंता’ है. वे तनाव से जुड़ी दवा देकर लियाम को घर भेज दिए. बाद में लियाम का चेस्ट पेन कम नहीं हुआ तो वे दोबारा हॉस्पिटल गए, ऐसे में डॉक्टरों ने दवा का डोज बढ़ा दिया. लेकिन सीने के दर्द के पीछे कोई मामूली बीमारी नहीं, बल्कि सबसे खतरनाक बीमारियों में से एक कैंसर था. इस कैंसर ने 37 साल के लियाम की जान ले ली.

बताया जाता है कि लियाम पिछले कई सालों से सीने के दर्द से पीड़ित थे. वे काफी दिनों से इसे बर्दाश्त कर रहे थे, लेकिन जब दर्द बेतहाशा बढ़ता गया, तो लियाम हॉस्पिटल पहुंचे. डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उन्हें दवा देकर घर भेज दिया. चार बच्चों के पिता लियाम को उन दवाइयों से राहत नहीं मिली. ऐसे में वो बार-बार हॉस्पिटल का चक्कर काटते रहे. लेकिन हर बार उनकी दवा की मात्रा और बढ़ा दी जाती थी. महीनों तक इलाज कराने के बाद जाकर पता चला कि लियाम के सीने के दर्द की असली वजह फेफड़ों का कैंसर था. लेकिन सही समय पर इसके बारे में लियाम को जानकारी नहीं मिल पाई और संक्रमण फैलता गया. बीमारी के बारे में पता चलने के कुछ हफ्तों बाद लियाम की मौत हो गई. लियाम की मां लिन अपने बेटे को खोकर काफी दुखी हैं. उन्होंने मैनचेस्टर इवनिंग न्यूज को बताया, “मुझे नहीं लगता कि हमने कभी फेफड़ों के कैंसर के बारे में सोचा होगा. मेरा बेटा सिगरेट नहीं पीता था. वो बिल्कुल हेल्दी था. इसलिए हम यह सोच भी नहीं सकते थे. लेकिन डॉक्टरों के दिमाग में भी यह खयाल नहीं आया, जिसकी वजह से वो अब हमारे बीच नहीं है.”

लियाम की फैमिली का कहना है कि वो लगातार टेंशन में रहता था. सीने के दर्द से बेतहाशा परेशान था. डॉक्टरों को दिखाया गया, लेकिन उन्होंने सीने का एक्सरे कराना भी उचित नहीं समझा. जून 2020 में उसके सीने का दर्द इतना बढ़ गया कि उसके पिता इलाज के लिए उसे टैमसाइड जनरल अस्पताल ले गए. उन्हें लगा कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है. लियाम के फेफड़ों में खून के थक्के होने का पता चला और उसे थक्के को घोलने के लिए खून पतला करने वाली दवा दी गई. एक हफ्ते बाद उसे छुट्टी दे दी गई और बताया गया कि उसे चार हफ्तों के भीतर सीटी स्कैन कराना होगा. हालांकि, उस दौरान कोरोना महामारी की वजह से सिटी स्कैन नहीं हो सका. इसके बाद लियाम को कंधों और पीठ के निचले हिस्से में दर्द होने लगा, जिसके लिए उसे तेज दर्द निवारक दवाएं दी गईं. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उसके परिवार ने प्राइवेट क्लिनिक में सिटी स्कैन कराने का फैसला किया, तब जाकर असली बीमारी का पता चला. लियाम की मां ने कहा कि हम 25 अगस्त 2020 का वो दिन भूल नहीं सकते. जांच में लियाम के लिवर, स्पाइन और लिम्फ नोड्स में मेटास्टेटिक लंग एडेनोकार्सिनोमा का पता चला. ये एक दुर्लभ कैंसर है.

लियाम की मां ने कहा कि जांच के बाद हमें बताया गया कि लियाम मुश्किल से 4-6 सप्ताह ही जिंदा रहेगा. हमारे पैरों तले जमीन खिसक गई. हमें डॉक्टरों पर गुस्सा भी आया. लियाम के इलाज में उन लोगों ने बहुत ज्यादा समय गंवा दिया. अगर वो डॉक्टर लियाम की जांच पहले सही तरीके से कर लेते तो आज भी वो जिंदा होता. हमें अपने बेटे के साथ ज़्यादा समय बिताने का मौका मिल जाता. आगे की जांच से पता चला कि लियाम को आनुवंशिक रूप से उत्परिवर्तित फेफड़ों का कैंसर था जिसे एडेनोकार्सिनोमा ईजीएफआर एक्सॉन19 पॉजिटिव कहा जाता है. यह आमतौर पर उन लोगों को प्रभावित करता है, जिनका धूम्रपान का इतिहास बहुत कम या बिलकुल नहीं है. हालांकि, कैंसर का पता चलने के बाद जब इलाज शुरू हुआ तो लियाम तेजी से स्वस्थ होने लगा. 12 सप्ताह बाद वो चलने भी लगा. दिसंबर 2020 में लियाम ने अपनी गर्लफ्रेंड लुईस से शादी कर ली. हालांकि, अप्रैल 2021 में लियाम को फिर से सीने में दर्द होने लगा और उसकी सांस फूलने लगी. स्कैन से पता चला कि इलाज अब काम नहीं कर रहा था. इस तरह से 4 अक्टूबर 2021 को सिर्फ़ 37 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. हाल ही में लियाम की कहानी और उसके जैसी कई अन्य कहानियों से प्रेरित होकर रॉय कैसल लंग कैंसर फाउंडेशन ने फेफड़े के कैंसर के बारे में जागरूकता के लिए लेट गो ऑफ द लेबल्स अभियान शुरू किया है.

Tags: Bizarre news, Khabre jara hatke, OMG News, Shocking news, Weird news

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *