[ad_1]
Last Updated:
अर्जेंटीना में एक 33 साल की मां की रहस्यमय परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई. आग लगने से कुछ दिन पहले उसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ ‘टॉक्सिक’ रिश्ते के बारे में एक पोस्ट किया था. पुलिस को बॉयफ्रेंड पर हत्या का संदेह है, क्योंकि वह घटना के बाद मौके से फरार हो गया था.

आजकल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लोगों के लिए अपनी भावनाओं को व्यक्त करने, अपनी खुशियों को साझा करने और यहां तक कि अपने रिश्तों की जटिलताओं को दुनिया के सामने रखने का एक माध्यम बन गया है. कई बार ये पोस्ट किसी व्यक्ति के जीवन की अंतिम गवाही बन जाते हैं. एक ऐसा ही दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला दक्षिण-पूर्वी अर्जेंटीना के पुएर्तो देसएदो शहर (Puerto Deseado, south-eastern Argentina) से सामने आया है, जहां 33 साल की एक कुंवारी मां की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई. बताया जाता है कि इस महिला ने हाल ही में अपने बॉयफ्रेंड के साथ ‘टॉक्सिक’ रिश्ते का मैसेज डाला था. मैसेज में उसने लिखा था कि बॉयफ्रेंड और उसके बीच कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था. आखिर क्या हुआ, खुद आग लगी या किसी ने महिला को जलाकर मार डाला? पुलिस इसकी जांच कर रही है. घटना बीते 8 दिसंबर की है.
बताया जाता है कि बीते 8 दिसंबर को पुएर्तो देसएदो के एक अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिलते ही पड़ोसी सकते में आ गए. पड़ोसियों ने तुरंत धुएं की सूचना दी, जिसके बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और अपार्टमेंट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. अंदर का दृश्य दिल दहला देने वाला था. उन्होंने जमीन पर 33 वर्षीय सबरीना आयलेन वेगा (Sabrina Aylen Vega) का पूरी तरह जला हुआ शव पाया. वह पहले ही दम तोड़ चुकी थीं. अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि अपार्टमेंट का सामने वाला दरवाजा खुला तो था, लेकिन अंदर से कई चीजों से उसे ब्लॉक किया गया था. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि दरवाजे के नीचे तौलियों को कसकर भरा गया था, शायद इसलिए ताकि धुआं बाहर न निकल पाए और किसी को आग लगने का पता न चले. इससे साफ पता चल रहा था कि यह महज एक दुर्घटना नहीं थी, बल्कि इसके पीछे कोई गहरी साजिश थी.
इस भयानक घटना ने अधिकारियों को ‘फाउल प्ले’ (हत्या) का संदेह करने पर मजबूर कर दिया. सीसीटीवी फुटेज की जांच से जल्द ही मामले ने मोड़ ले लिया. फुटेज में सबरीना को उसके पार्टनर मैक्सिमिलियानो ओविएडो (Maximiliano Oviedo) के साथ अपार्टमेंट में आते हुए देखा गया. लेकिन आग लगने के तुरंत बाद मैक्सिमिलियानो मौके से फरार हो गया. ऐसे में पुलिस ने तुरंत उसे मुख्य संदिग्ध के रूप में चिह्नित किया. उसी दिन देर शाम अधिकारियों ने मैक्सिमिलियानो को हिरासत में ले लिया, जो घाटी के पास दूर के इलाके में छुपा हुआ था. बता दें कि कथित हत्या से कुछ दिन पहले एक बच्चे की मां सबरीना ने अपने और मैक्सिमिलियानो के बीच के रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर कुछ संकेत दिए थे. अपनी मौत से ठीक तीन दिन पहले उसने अपने बॉयफ्रेंड मैक्सिमिलियानो के साथ एक फोटो पोस्ट की थी. इस फोटो के साथ सबरीना ने एक रहस्यमय मैसेज लिखा था जो उनके रिश्ते की जटिलता को दर्शाता था.
सबरीना ने लिखा था, “और हां, उसके बेवकूफी भरे चेहरे और उससे निपटने में मुश्किल होने के बावजूद और मेरे घटिया गुस्से के साथ हम एक-दूसरे को समझते हैं.” आगे उसने लिखा था, “दो टॉक्सिक लोग जो अलग नहीं हो सकते. मैं तुमसे प्यार करती हूं, भले ही किसी के लिए यह सब असहनीय हो और कोई इसे समझ न सके.” इन शब्दों से स्पष्ट था कि उनका रिश्ता एक ‘टॉक्सिक डायनामिक’ में फंसा हुआ था, जहां दोनों एक-दूसरे के साथ रहकर भी पीड़ित थे, लेकिन अलग नहीं हो पा रहे थे. उसने अन्य पोस्ट भी शेयर किए थे, जिनमें कपल्स प्रॉब्लम को पार करने और चीजों के सही न होने पर भी साथ रहने के बारे में मीम्स थे. वह अक्सर ऐसे वाक्यांशों का उपयोग करती थी जो सुझाव देते थे कि भले ही बाकी दुनिया उनके रिश्ते को न समझे, वे साथ रहेंगे. पुलिस अब ऑटोप्सी (शव परीक्षण) के नतीजों का इंतजार कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि सबरीना की मौत आग की लपटों से जलने, धुएं के कारण दम घुटने से हुई या फिर आग लगने से पहले ही उसे कोई अन्य गंभीर चोट पहुंचाई गई थी.
About the Author
न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर के तौर कार्यरत. इंटरनेशनल, वेब स्टोरी, ऑफबीट, रिजनल सिनेमा के इंचार्ज. डेढ़ दशक से ज्यादा समय से मीडिया में सक्रिय. नेटवर्क 18 के अलावा टाइम्स ग्रुप, …और पढ़ें
[ad_2]
Source link