[ad_1]
Last Updated:
Madhuri Dixit Superhit Movies : बॉलीवुड में फिल्म को हिट कराने के लिए मेकर्स कई फॉर्मूले आजमाते हैं. कई मेकर्स किसी खास लेटर से फिल्म का नाम रखते हैं तो कई प्रोड्यूसर्स किसी खास एक्टर को लकी चार्म मानते हुए अपनी फिल्म में काम देते हैं. बॉलीवुड की एक एक्ट्रेस के साथ ऐसा ही कुछ अजीब संयोग जुड़ा हुआ है. एक्ट्रेस की एक-दो नहीं बल्कि तीन फिल्मों की रिलीज से पहले मेकर्स ने ऐसे सीन-क्लिप जोड़ दिए जो टर्निंग प्वॉइंट साबित हुई. सबसे ज्यादा दिलचस्प बात यह है कि एक्ट्रेस की तीनों ही मूवी सुपरहिट निकलीं. तीनों फिल्में दो साल के अंतराल में रिलीज हुई थीं. वो एक्ट्रेस कौन है और वो फिल्में कौन सी हैं, आइये जानते हैं………

90 के दशक में म्यूजिक-रोमांटिक फिल्मों का दौर शुरू हुआ.इस दौर की कई फिल्मों का म्यूजिक इतना सुपरहिट रहा कि दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया. इन फिल्मों को देखने के लिए ललायित हो गए. नदीम-श्रवण और आनंद-मिलिंद के म्यूजिक ने धूम मचा रखी थी. 1990 से 1992 के दौरान माधुरी दीक्षित की तीन ऐसी फिल्में रिलीज हुईं जिनका ना केवल म्यूजिक बल्कि कहानी भी शानदार थी. तीनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रहीं. इन तीन फिल्मों में रिलीज से पहले ऐसे रोमांटिक सीन्स-क्लिप जोड़े गए जिसने फिल्म को हिट कराने में अहम भूमिका निभाई. ये फिल्में थीं : दिल, साजन और बेटा. आइये इन तीनों फिल्में से जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स जान लेते हैं…

80 के दशक के अंत में प्रोड्यूसर इंदर कुमार के मन में डायरेक्टर बने. वो गुजरात सिनेमा से आए थे. पहले एक्टिंग भी करते थे. उनका मूल नाम इंदर ईरानी है. उनका पूरा परिवार बॉलीवुड में है. अरुणा ईरानी उनकी बहन हैं. इंदर कुमार ने 1998 में आई अनिल कपूर की कसम फिल्म को अपने दोस्त अशोक ठकेरिया के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया था. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी. उन्होंने अचानक फिल्में डायरेक्ट करने का मन बनाया. एक साथ दो फिल्मों का डायरेक्शन शुरू किया. ये फिल्में थीं : दिल और बेटा. इन दोनों फिल्मों में रिलीज से पहले इंदर कुमार ने सरप्राइज सॉन्ग जोड़ा था. ये भी संयोग है कि दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रहीं.

सबसे पहले बात करते हैं 22 जून 1990 को रिलीज हुई आमिर खान-माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, सईद जाफरी स्टारर दिल मूवी की. इंदर कुमार के मन में ‘दिल’ मूवी को बनाने का आइडिया विजय आनंद की 1966 की फिल्म तीसरी मंजिल से आया था. फिल्म में कॉलेज के रोमांस, हीरो-हीरोइन के बीच प्यार भरी नोकझोंक, नफरत से शुरू होकर मोहब्बत में बदलती कहानी को आनंद-मिलिंद के गानों ने घर-घर पहुंचाया. माधुरी दीक्षित-आमिर खान की जोड़ी पर दर्शकों ने खूब प्यार लुटाया. इस फिल्म के रिलीज होने से पहले ‘आज ना छोड़ूंगा तुझे, दम दमादम, तूने क्या समझा है मुझे दम दमा दम, दिल में है तूफान भरा, दम दमा दम, नाच मेरी जान मुझे’ सॉन्ग जोड़ा गया था. इस गाने ने दर्शकों को कहानी से और जोड़ दिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

माधुरी दीक्षित ने हाल ही में रेडियो नशा को दिए अपने एक इंटरव्यू में बताया, ‘दिल फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी थी. फिल्म की रिलीज से पहले इंदर कुमार ‘दम दमा दम’ सॉन्ग लेकर आए थे. बोले कि इसे फिल्म में डालना है. बिजी शेड्यूल से टाइम निकालकर मैंने यह गाना शूट किया था.’ दिल फिल्म आमिर खान के लिए संजीवनी बनकर आई क्योंकि इससे पहले वो 8 फ्लॉप फिल्में दे चुके थे. करीब 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 17 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट मूवी साबित हुई थी.

इंदर कुमार ने वैसे तो ‘दिल’ और ‘बेटा’ फिल्म की शूटिंग साथ-साथ ही की थी लेकिन तकनीकी वजह से बेटा की रिलीज अटक गई थी. 3 अप्रैल 1992 को बेटा फिल्म रिलीज हो पाई थी. स्टोरी के. भाग्यराज ने लिखी थी. कमलेश पांडेय ने डायलॉग लिखे थे. स्क्रीनप्ले ग्यानदेव अग्निहोत्री, राजीव कौल और प्रकाश पारेख ने लिखा था. पहले यह फिल्म कादर खान लिख रहे थे लेकिन किसी बात को दोनों में मनमुटाव हो गया. बेटा फिल्म में शुरुआत में अरुणा ईरानी को इंदर कुमार ने नहीं लिया था. इस फिल्म में अनिल कपूर -माधुरी दीक्षित और अरुणा ईरानी लीड रोल में थे. बेटा फिल्म 1987 की एक तमिल फिल्म ‘एंगा चिन्ना रासा’ का रीमेक थी. फिल्म का आइकॉनिक सॉन्ग ‘धक-धक करने लगा’ माधुरी दीक्षित की पहचान बन गया. उन्हें आज भी ‘धक-धक’ गर्ल के नाम से जाना जाता है. बेटा फिल्म ने 23.5 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपर-डुपर हिट फिल्म साबित हुई थी.

बेटा फिल्म के आइकॉनिक सॉन्ग ‘धक-धक करने लगा’ का किस्सा भी दिलचस्प है. माधुरी दीक्षित ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था, ‘बेटा फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी थी. प्रोड्यूसर मुझसे बोले कि एक गाना एड करना है. उन दिनों मैं ऊंटी में ही रहती थी. 45 दिन का मेरा आउटडोर था. मैंने उनसे कहा कि मुंबई नहीं आ सकती. वो बोले कि फिल्म रिलीज होना है. इस गाने को जल्द से जल्द फिल्माना है. मैंने डबल सेट करने का विचार किया. मैं शाम को 7 बजे मुंबई आती थी. रात में 2 बजे तक शूटिंग करने के बाद सुबह 9 बजे ऊंटी पहुंचती थी. सिर्फ 3 दिन मेरे पास थे. सेट पर पहुंचे तो वहां पर मटके लगे हुए थे. सिनेमेटोग्राफर बाबा आजमी ने सब हटवाए. दीवारों को ब्राउन कलर से पेंट करवाया. घास डलवाई. सरोज खान ने कहा कि गाना 3 दिन में पूरा करने के लिए शर्त रखी थी कि कोई भी शॉट दोबारा नहीं होगा. फिर जल्दी से यह गाना पूरा हुआ. लोगों को लगता है कि यह बहुत समय से शूट हुआ होगा जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है.’

माधुरी दीक्षित की एक और फिल्म ‘साजन’ के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ. 30 अगस्त 1991 को रिलीज हुई साजन फिल्म में सलमान खान, संजय दत्त और माधुरी दीक्षित लीड रोल में थे. यह म्यूजिकल रोमांटिक लव ड्रामा फिल्म थी. प्रोड्यूसर सुधाकर बोकाडे थे. लॉरेंस डिसूजा ने फिल्म का डायरेक्शन किया था. म्यूजिक नदीम श्रवण का था. गीतकार समीर थे. फिल्म के सभी 9 गाने ब्लॉकबस्टर साबित हुए थे. नदीम-श्रवण को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर और कुमार सानू को बेस्ट प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था. इस फिल्म का एक गाना ‘देखा है पहली बार, साजन की आंखों में प्यार’ भी फिल्म की रिलीज से पहले शूट हुआ था. नदीम-श्रवण ने जबरन यह गाना फिल्म में डलवाया था.

गीतकार समीर अंजान ने यह दिलचस्प किस्सा अपने एक इंटरव्यू में बताया था. समीर के मुताबिक, ‘साजन फिल्म की रिलीज डेट भी अनाउंस हो चुकी थी. नदीम-श्रवण के साथ मैं नाश्ता कर रहा था. इसी बीच मेरी मन में फिल्म का टाइटल सॉन्ग लिखने का ख्याल आया. नदीम से मैंने अपने दिल की बात कही तो उन्होंने कहा कि अगर पास कोई गाना हो तो बताइये. मैंने एक मुखड़ा सुनाया ‘देखा है पहली बार, साजन की आंखों में प्यार’. 5 मिनट में गाना पूरा हुआ और तत्काल कंपोज किया. नदीम ने प्रोड्यूसर सुधाकर बोकाडे से कहा कि आपकी फिल्म का एक और गाना रिकॉर्ड किया गया है. बोकाडे ने कहा कि पिक्चर कंप्लीट हो गई है. उन्होंने सलमान-माधुरी से डेट की जिम्मा नदीम को सौंप दिया. नदीम ने सलमान को गाना सुनाया. उन्हें गाना बहुत पसंद आया. सुधाकर ही अगले दिन ऊंटी गए. तीनों ने एक दिन में गाना फिल्माया. उसी गाने ने इतिहास रच दिया.’ करीब ढाई करोड़ के बजट में बनी साजन ने 18 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी.
[ad_2]
Source link