[ad_1]

नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस सुजाता मेहता ने साल 1987 में आई नाना पाटेकर की फिल्म ‘प्रतिघात’ से खूब पॉपुलैरिटी हासिल की. इसके बाद उन्होंने ‘यतीम’ (1988) और ‘कंवरलाल’ (1988) जैसी फिल्मों में काम किया. वह अपने करियर में सनी देओल, मिथुन चक्रवर्ती, रजनीकांत, जितेंद्र और कई बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं. हाल ही में सुजाता मेहता ने आमिर खान और शाहरुख खान से मिलने का अपना अनुभव बताया.
हिंदी रश के साथ इंटरव्यू के दौरान सुजाता ने बताया कि आमिर खान थिएटर में उनके नाटक ‘चित्कार’ के शो के दौरान लोगों को पानी पिला रहे थे. उन्होंने कहा, ‘जब मैं थिएटर में शो कर रही थी, तब आमिर खान ट्रेनिंग ले रहे थे. उन्होंने बैकस्टेज काम किया है और लोगों को पानी भी पिलाया है. उन्होंने शुरुआत से ही ट्रेनिंग ली है. उन्होंने जीरो से शुरुआत करके टॉप तक का सफर तय किया है. लेकिन, इतने सालों के बाद भी उन्होंने अपनी जड़ों को नहीं भुलाया.’
चित्कार प्ले को आमिर खान ने कई बार देखा
सुजाता ने आगे बताया. ‘एक बार जब मैं पृथ्वी थिएटर गई तो वह (आमिर खान) अपनी सीट से उठकर मुझे वही सम्मान दिया, जैसे धर्मेंद्र को देते हैं. वह खानदानी हैं. मुझे पता चला कि उन्होंने बैकस्टेज काम करते समय मेरे प्ले चित्कार को कई बार देखा है.’ इसके अलावा सुजाता मेहता ने शाहरुख खान से मुलाकात का भी किस्सा सुनाया.
शाहरुख खान से मुलाकात का बताया किस्सा
उन्होंने कहा, ‘मैंने एक बार फिल्म सिटी में शाहरुख खान से मुलाकात की थी. वह दिखने में बहुत साधारण लगते हैं. एक बार के लिए मुझे यकीन नहीं हुआ कि वह शाहरुख खान हैं. मैं भी वहां शूटिंग कर रही थी और उन्होंने मुझे पहचाना और बहुत विनम्रता से बात की.’
बहुत मेहनती हैं शाहरुख खान
सुजाता मेहता ने किंग खान के साथ अपनी दूसरी मुलाकात को याद करते हुए कहा, ‘एक बार मैं उनसे महबूब स्टूडियो में भी मिली थी. वह शूटिंग कर रहे थे. वह बेहद जमीन से जुड़े और मेहनती इंसान हैं.’ मालूम हो कि सुजाता ने कई गुजराती फिल्मों और टेलीविजन शो में भी काम किया है. वह पॉपुलर शो ‘सरस्वतीचंद्र’ का भी हिस्सा रही हैं.
Tags: Aamir khan, Entertainment news., Shah rukh khan
FIRST PUBLISHED : December 31, 2024, 12:11 IST
[ad_2]
Source link