[ad_1]

नई दिल्ली. रोहित शर्मा टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से खुद हटे हैं, उन्हें रेस्ट दिया गया है या उन्हें ड्रॉप किया गया है. पिछले दो दिन में क्रिकेटप्रेमियों के बीच यह बहस सबसे ज्यादा हुई है. क्या यह उनकी मर्जी से हुआ है या किसी ने इसके लिए उन्हें मजबूर किया है. रोहित शर्मा ने जब शनिवार को इन सवालों के जवाब दिए तो उनका दर्द छलक आया.
भारत-ऑस्ट्रेलिया सिडनी में टेस्ट मैच खेल रहे हैं. सीरीज का पांचवां, आखिरी और निर्णायक मैच, जिसे जीतने वाली टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की हकदार बनेगी. इतने अहम मैच में भारत जब अपने नियमित कप्तान के बिना उतरा तो बवाल मचना ही था. टीम इंडिया की तरफ से पहले दिन इस बवाल को थामने की कोशिश भी नहीं की गई. लेकिन जब पानी सिर से ऊपर जाने लगा कि रोहित खुद ड्रेसिंग रूम से निकलकर आए. उन्होंने बहुत कुछ तस्वीर साफ कर दी. कहा कि टीम हित में वे खुद बाहर बैठे हैं. यह उनका फैसला है. उन्होंने इसके लिए कोच और सेलेक्टर्स से बात की क्योंकि उनके लिए टीम सबसे पहले है. उनसे रन नहीं बन रहे थे. कई और बैटर स्ट्रगल कर रहे हैं. ऐसे में आउट ऑफ फॉर्म बैटर्स की फौज जमा नहीं करनी थी. इसलिए वे हट गए.
इसी बातचीत में हिटमैन रोहित शर्मा ऐसा कुछ भी कहते हैं जिसमें दर्द छिपा है. रोहित कहते हैं, ‘यह बहुत मुश्किल डिसीजन था. मैं इतने दूर से आया हूं. मैं यहां पर बाहर बैठने थोड़े आया हूं. मैं मैच ना खेलने के लिए थोड़े ही आया हूं. मैं यहां खेलने आया हूं. मेरे को मैच खेलना है यार. मुझे अपनी टीम को जिताना है. मैं 2007 में जब पहली बार ड्रेसिंग रूम में आया हूं तब से मैं सिर्फ यही सोचता हूं कि टीम को जिताना है.’
स्टार स्पोर्ट्स के शो पर इरफान पठान ने सवाल किया कि रोहित अगले पांच-छह महीने में खुद को कहां देखते हैं, इस पर भारतीय कप्तान ने कहा, ‘मैं यह नहीं सोचता कि 5-6 महीने बाद क्या होना है या क्या करना है. मैं जिस मैच में खेलता हूं उसके बारे में सोचता हूं और उसी के लिए अपने फैसला लेता हूं.’ एक सवाल के जवाब में रोहित शर्मा ने कहा कि उनका सिडनी में ना खेलना यह रिटायरमेंट का डिसीजन नहीं है और ना ही वे गेम से हटने वाले हैं. वे आगे खेलते दिखेंगे.
Tags: India vs Australia, Rohit sharma, Sydney Test
FIRST PUBLISHED : January 4, 2025, 20:36 IST
[ad_2]
Source link