[ad_1]

जमुई. जिले के बरहट प्रखंड क्षेत्र के कुकुरझप डैम में मछली पकड़ने के दौरान मछुआरों को कुछ ऐसी चीज दिखी, जिसके बाद उनके होश उड़ गए. जिस वक्त मछुआरे पानी में मछली पकड़ने के लिए उतरे, उन्होंने देखा कि एक मगरमच्छ बड़े आराम से वहां धूप सेक रहा है. इसके बाद उन्होंने इसका वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद अब वन विभाग के द्वारा उसे रेस्क्यू करने का प्रयास किया जा रहा है.
इसको लेकर शनिवार को मगरमच्छ का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. लेकिन, इस दौरान एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि इसे बहादुरी कही जाए या बेवकूफी ? दरअसल, हुआ यह कि जिस दौरान मगरमच्छ पकड़ने के लिए वन विभाग के कर्मी डैम में उतरे, तब उन्होंने ना तो कोई सेफ्टी गियर पहन रखा था और ना ही कोई लाइफ जैकेट. यही नहीं जिस पानी में मगरमच्छ की आशंका थी, वह खतरा मोल लेकर उसी पानी में उतर गए.
जमुई के बरहट में दिखा था मगरमच्छ
जमुई जिले के बरहट प्रखंड क्षेत्र के कुकुरझप डैम में करीब 5 दिन पहले यह मगरमच्छ देखा गया था. जिस दौरान मछली पकड़ने के लिए मछुआरे तालाब में उतरे, उन्होंने मगरमच्छ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची बरहट थाना की पुलिस ने उसका वीडियो बनाया. इसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी. वन विभाग की टीम शुक्रवार को कुकरझप डैम पहुंची और उन्होंने मगरमच्छ की खोजबीन शुरू कर दी. लेकिन, इस दौरान जो नजारा सामने आया, इसे देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि किसी की जान जोखिम में डालकर किस तरीके से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा था. जहां पानी में करीब 15 से 20 फीट लंबे मगरमच्छ होने की सूचना के बावजूद भी वन विभाग के कर्मी बिना कोई सेफ्टी प्रिकॉशन लिए पानी में मगरमच्छ की तलाश कर रहे थे. इतना ही नहीं वन विभाग के कर्मियों के साथ उन्होंने स्थानीय मछुआरों को भी अपनी वोट में बिठा रखा था.
वन कर्मियों के पास नहीं है सुरक्षा उपकरण
रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल फॉरेस्टर चंदन कुमार ने बताया कि मगरमच्छ होने की सूचना के बाद इस इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है. उन्होंने बताया कि मगरमच्छ यहां है, लेकिन गहरे पानी में चला गया है. जब उनसे यह पूछा गया कि रेस्क्यू टीम में शामिल कर्मियों को किसी प्रकार की सुरक्षा उपकरण क्यों नहीं पहनाया गया, तब उन्होंने बताया कि उन्हें कोई भी सुरक्षा उपकरण दिया ही नहीं गया है. ना तो उनके पास लाइफ जैकेट है और ना ही उनके पास कोई अन्य चीज. उन्होंने बताया कि हमारे सभी जवान तैरना जानते हैं. लेकिन, उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में उन्हें यह सारी चीज मुहैया करा दी जाएगी.
Tags: Bihar News, Crocodile Rescue, Jamui news, Local18, Viral video
FIRST PUBLISHED : January 4, 2025, 21:05 IST
[ad_2]
Source link