[ad_1]
Last Updated:
Champions Trophy 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से खेली जानी है. इसके लिए भारतीय टीम घोषित हो चुकी है. रविचंद्रन अश्विन इस टीम में दो कमियां देखते हैं.
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से खेली जानी है.
नई दिल्ली. भारतीय सेलेक्टर्स ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए जब से टीम घोषित की है तब से इसका पोस्टमार्टम भी शुरू हो गया है. ज्यादातर सवाल शुभमन गिल को बनाने को लेकर हैं. लेकिन रविचंद्रन अश्विन ये सवाल और आगे लेकर जाते हैं. वे कहते हैं कि मौजूदा भारतीय टीम में दो कमियां लगती हैं. यह टीम ऐसी है जैसी वर्ल्ड कप 2023 की थी. ऐसे में भारत को सही संयोजन बनाना होगा.
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर संन्यास लेने वाले रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय टीम के सेलेक्शन पर अपने ‘यूट्यूब चैनल’ पर विस्तार से बात की. उन्होंने भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर में बाएं हाथ के बैटर के साथ आठवें क्रम पर बल्लेबाजी की क्षमता रखने वाले गेंदबाज की कमी पर चिंता जाहिर की. अश्विन ने कहा, ‘यह टीम 2023 विश्व कप टीम की तरह ही है. दोनों ओपनर रोहित शर्मा और शुभमन गिल दाएं हाथ के बैटर हैं. इसके बाद विराट कोहली का नंबर आता है. श्रेयस अय्यर चौथे और लोकेश राहुल पांचवें नंबर पर बैटिंग कर सकते हैं.’
अश्विन आगे कहते हैं, ‘नंबर छह पर रवींद्र जडेजा या अक्षर पटेल में से किसी एक का विकल्प होगा. हार्दिक पंड्या नंबर सात पर खेल सकते हैं. हमारे पास टॉप-7 में बाएं हाथ के बैटर्स की कमी है. संभावित एकादश से बाहर हमारे पास यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत हैं.’
यशस्वी जायसवाल को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने से कई बदलाव करने पड़ सकते हैं. अश्विन ने कहा, ‘जायसवाल केवल तभी खेल सकते हैं जब कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाए. उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में मौका मिल सकता है. लेकिन क्या होगा अगर वह लगातार शतक जड़ दें? तब एक विकल्प यह हो सकता है कि जायसवाल और रोहित पारी का आगाज करें और गिल तीसरे नंबर पर आएं. कोहली चौथे नंबर पर आ सकते हैं. इससे ऋषभ पंत या लोकेश राहुल पांचवें स्थान पर आएंगे. टीम में अगर जायसवाल खेलते हैं, तो श्रेयस अय्यर बाहर हो सकते हैं. यह मुश्किल फैसला होगा. लेकिन भारत को जायसवाल की मौजूदा फॉर्म का फायदा उठाना चाहिए.’
ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर एक और खिलाड़ी हैं जिन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने पर टीम पर प्रभाव पड़ सकता है. अश्विन ने कहा, ‘एक और संयोजन यह हो सकता है कि टीम (प्लेइंग इलेवन ) में सुंदर हो. गंभीर उनकी बल्लेबाजी से प्रभावित हैं. उनका इस्तेमाल किसी भी क्रम पर किया जा सकता है.’
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से खेली जानी है. भारत अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा. अश्विन को लगता है कि वहां टीमों को संयोजन तैयार करते समय ओस को ध्यान में रखना होगा. उन्होंने कहा कि अगर ज्यादा ओस हुई तो भारतीय टीम सुंदर की जगह एक अतिरिक्त पेसर के साथ मैदान मे उतरना चाहेगी. ऐसे में बुमराह, मोहम्मद शमी और अर्शदीप तीनों टीम में होंगे. टीम में कुलदीप यादव की जगह लगभग पक्की होनी चाहिए. (इनपुट भाषा)
Delhi,Delhi,Delhi
January 21, 2025, 21:43 IST
[ad_2]
Source link