[ad_1]

जमुई. एक शिक्षिका को ज्वाइनिंग लेटर मिला. ज्वाइनिंग लेटर लेकर जिस दिन उसे अपनी नौकरी ज्वाइन करनी थी, उसके एक दिन पहले वह सेवानिवृत हो गई. ज्वाइनिंग लेटर मिलने के एक दिन बाद ही शिक्षिका के रिटायरमेंट का यह मामला जिले में चर्चा का विषय बन गया. मामला जमुई जिले से जुड़ा हुआ है, जहां एक शिक्षिका के रिटायरमेंट के एक दिन बाद उसके ज्वाइनिंग की तारीख दी गई थी. जिस कारण वह अपनी नौकरी ज्वाइन नहीं कर सकी.
जमुई जिले के खैरा प्रखंड क्षेत्र के प्लस टू उच्च विद्यालय शोभाखन में कार्यरत अनिता कुमारी अपनी ज्वाइनिंग से एक दिन पहले ही रिटायर हो गई. दरअसल, यह पूरा मामला सक्षमता परीक्षा से जुड़ा हुआ है, जिस कारण इस शिक्षिका के साथ वाक्या सामने आया है.
विशिष्ट शिक्षक बनने को लेकर दी थी परीक्षा
बिहार में शिक्षा विभाग के द्वारा सक्षमता परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है और सक्षमता परीक्षा पास करने वाले शिक्षकों को विशिष्ट शिक्षक का दर्जा दिया जा रहा है. शोभाखन विद्यालय में पदस्थापित शिक्षिका अनिता कुमारी ने भी सक्षमता की परीक्षा दी थी, जिसका रिजल्ट अप्रैल महीने में ही आया था. लेकिन, उन्हें दिसंबर महीने में ज्वाइनिंग लेटर मिला और एक जनवरी को उन्हें विशिष्ट शिक्षक के रूप में ज्वाइन करने का निर्देश मिला. अपनी नौकरी ज्वाइन करने के 1 दिन पहले 31 दिसंबर 2024 को शिक्षिका का कार्यकाल पूरा हो गया और वह अपने पद से रिटायर कर गई. इसके बाद शिक्षिका विशिष्ट शिक्षक के रूप में योगदान भी नहीं दे सकी.
पंचायत शिक्षक के रूप में कर रही थी काम
शिक्षिका अनिता कुमारी वर्ष 2006 में पंचायत शिक्षिका के रूप में नियुक्त की गई थी और तब से वह लगातार पंचायत शिक्षिका के रूप में काम कर रही थी. 6 मार्च 2014 को उन्होंने टीईटी की परीक्षा पास कर हाई स्कूल शिक्षिका के रूप में योगदान दिया था और तब से ही वह शोभाखन विद्यालय में पदस्थापित थी. 2024 में उन्होंने सक्षमता-1 की परीक्षा दी तथा 30 दिसंबर 2024 को विशिष्ट शिक्षक के रूप में योगदान करने के लिए उन्हें नियुक्ति पत्र दिया गया था. जिसके आधार पर उन्हें एक से 7 जनवरी 2025 तक विद्यालय में योगदान करना था. लेकिन वह 31 दिसंबर को ही रिटायर हो गई.
विभागीय नियमानुसार रिटायर हुई है शिक्षिका
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक निर्भय कुमार ने लोकल 18 को बताया कि विभागीय नियमानुसार वह सेवानिवृत हो चुकी हैं तथा विद्यालय में विदाई समारोह आयोजित कर विदाई भी दे दी गई है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेश कुमार ने बताया कि विभागीय नियमानुसार किसी शिक्षक की आयु 60 वर्ष पूर्ण होने के बाद उन्हें सेवानिवृत्ति दी जाती है. अनीता कुमारी के भी 60 वर्ष आयु पूर्ण होने के उपरांत उन्हें सेवानिवृत्ति दिया गया है. हालांकि अब यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है.
Tags: Ajab Gajab, Bihar News, Bihar Teacher, Jamui news, Local18
FIRST PUBLISHED : January 2, 2025, 22:18 IST
[ad_2]
Source link