[ad_1]

जमुई. आपने किसी इंसान का जन्मदिन मनाते हुए देखा होगा, या कहीं-कहीं अपने किसी पालतू जानवर का बर्थडे सेलिब्रेट होते भी देखा होगा. लेकिन, बिहार का एक परिवार ऐसा भी है, जो अपनी बकरी का जन्मदिन मनाता है. बकरी का जन्मदिन मनाने के लिए सारी तैयारियां की जाती हैं, लोगों को आमंत्रण दिया जाता है, केक काटा जाता है और मिठाई बांटकर हर साल इस बकरी का बर्थडे सेलिब्रेट किया जाता है. इतना ही नहीं इस बकरी के जन्मदिन पर जो गिफ्ट दिया जाता है, उसे जानकर तो आप और हैरान हो जाएंगे.
यह कहानी है जमुई जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र के बिठलपुर गांव के रहने वाले सिंटू सिंह और उनके परिवार की. जमुई नगर परिषद के वार्ड नंबर 17 के रहने वाले सिंटू सिंह और उनके परिवार हर साल अपनी बकरी का जन्मदिन मनाते हैं और बकरी को अपने बच्चे की तरह पालते हैं. इसके पीछे की कहानी काफी खास है तथा इस परिवार का इस बकरी के साथ एक खास जुड़ाव है.
13 दिसंबर को मनाया जाता है जन्मदिन
सिंटू सिंह ने लोकल 18 को बताया कि हर साल परिवार के द्वारा 13 दिसंबर को इस बकरी का जन्मदिन मनाया जाता है. पिछले 4 साल से ऐसा करते आ रहे हैं. सिंटू सिंह ने बताया कि वर्ष 2020 में केविड काल के दौरान पुत्र कुश सिंह अर्जुन की अचानक मौत हो गई. कुश अपने पिता सिंटू सिंह के ननिहाल से यह बकरी लेकर आया था और वह काफी पशु प्रेमी भी था. बेटे के चले जाने के बाद पूरा परिवार इस बकरी को अपने बेटे की तरह पाल रहा है तथा हर साल इस बकरी का जन्मदिन मनाता है. परिवार ने बताया कि उनके लिए 13 तारीख भी बहुत खास है, क्योंकि पुत्र का जन्म भी 13 तारीख को ही हुआ था. इसके साथ ही सिंटू सिंह की पत्नी अभिलाषा कुमारी वर्तमान में वार्ड पार्षद हैं और वह 13 तारीख को ही चुनाव जीती थी. इसलिए, हर साल 13 दिसंबर को सिंटू सिंह अपने परिवार के साथ बकरी का जन्मदिन मनाते आ रहा है.
गिफ्ट में मिलते हैं ये मजेदार चीज
सिंटू सिंह की बेटी अंजली कुमारी ने लोकल 18 को बताया कि बकरी का जन्मदिन मनाने के लिए पूरी तैयारी करते हैं. अंजलि ने बताया कि इस बकरी का नाम पुष्पांजलि रखा गया है और पुष्पांजलि के जन्मदिन को लेकर हर वो तैयारी की जाती है, जो किसी इंसान के जन्मदिन को लेकर की जाती है. परिवार, दोस्त, रिश्तेदार और अन्य ग्रामीणों को जन्मदिन का निमंत्रण भेजता है. बर्थडे में लोग शामिल होते हैं, केक काटा जाता है और लोगों के बीच बर्थडे डिनर का भी आयोजन किया जाता है. सबसे मजेदार बात यह है कि लोग बकरी के लिए गिफ्ट भी लेकर आते हैं. अंजलि ने बताया कि इस बार कई लोगों ने बकरी को गिफ्ट के रूप में अलग-अलग पत्ते पैक करके दिए थे. कुछ लोगों ने आम का पत्ता, तो कुछ लोगों ने कटहल का पत्ता इसे गिफ्ट किया था. अंजलि ने भी अपनी बकरी के लिए पत्ता गिफ्ट किया था. बकरी का जन्मदिन मनाना अपने आप में काफी अलग है और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.
Tags: Ajab Gajab, Bihar News, Jamui news, Local18
FIRST PUBLISHED : December 16, 2024, 15:03 IST
[ad_2]
Source link